युवराज सिंह बने चेयरमैन, कविता ने वाइस चेयरमैन पद पर दर्ज की शानदार जीत
मायलावास: स्थानीय श्री खेतेश्वर आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय, मायलावास में भारत निर्वाचन आयोग की चुनाव जागरूकता गतिविधियों के तहत गठित Electoral Literacy Club (ELC) द्वारा आयोजित मॉक चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए।
विद्यालय प्रबंधक एवं मायलावास प्रशासक अशोक सिंह राजपुरोहित ने बताया कि विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया की समझ विकसित करने, मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस मॉक चुनाव का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नामांकन, प्रचार, मतदान और मतगणना की पूरी प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझा।
घोषित परिणामों के अनुसार कक्षा 11 कला वर्ग के विद्यार्थी युवराज सिंह को ELC क्लब का चेयरमैन तथा कक्षा 12 कला वर्ग की छात्रा कविता को वाइस चेयरमैन निर्वाचित घोषित किया गया।
चेयरमैन पद के चुनाव में युवराज सिंह ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कृष्णा राजपुरोहित को 33 मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। वहीं, वाइस चेयरमैन पद पर कविता ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 50 मतों के अंतर से पराजित किया।
विजयी उम्मीदवारों को विद्यालय की ओर से विजय प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, निष्पक्ष मतदान, मतदाता की भूमिका तथा जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गई।
विद्यालय प्राचार्य रूपाराम बामणिया ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ-साथ उनमें लोकतांत्रिक सोच, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
ELC प्रभारी भट्टेन्द्र कुमार ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में भविष्य में भी चुनाव जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पारसमल जीनगर, सुरेन्द्र सिंह राजपुरोहित, हरीश कुमार, डूंगर सिंह, यशोदा व्यास, मोहम्मद खान, जोग सिंह, छोटू कंवर, डिम्पल कंवर एवं चंचल कंवर, भवानी सिंह, भावेश कुमार,नीतू राठौड़ सहित विद्यालय स्टाफ ने सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया।
Comments
Post a Comment